स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान: महिलाओं के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण कदम
लांजी में विधायक राजकुमार कर्राहे करेंगे अभियान का शुभारम्भ
लांजी। भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार तथा कलेक्टर महोदय बालाघाट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बालाघाट से प्राप्त मार्गदर्शन अनुसार विकास खंड लांजी में दिनांक 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सम्बन्ध में डॉ अक्षय ऊपराडे खंड चिकित्सा अधिकारी लांजी द्वारा जानकारी दी की महिलाओ का अच्छा स्वास्थ्य परिवार के सशक्तिकरण का आधार होता है, यह ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भी है। विकासखंड की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओ में इसके अंतर्गत महिलाओ, गर्भवती माताओ, युवतियों, छात्राओं की स्वास्थ्य जाँच एवं उपचार किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत महिलाओ में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुडी चुनौतियों की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाए उपलब्ध करना, माता एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, किशोरियों में पोषण एवं एनीमिया के प्रति जागरूकता लाना, गैर संचारी रोग जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर (मुख, स्तन, गर्भाशय, ग्रीवा कैंसर), एनीमिया, सिकल सेल, एवं संचारी रोग जैसे क्षय रोग, कुष्ठ रोग की पहचान करना आदी सम्मिलित है। *सिविल अस्पताल लांजी में राजकुमार कर्राहे विधायक इस अभियान का शुभारम्भ करेंगे।* इस अभियान को सफल बनाने में सभी विभागों का संयुक्त प्रयास एवं सहयोग आवश्यक है। क्षेत्र की सभी आशा कार्यकर्त्ता, आजीविका मिशन की दीदी, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ता भी अपना योगदान देते हुए खुद के स्वास्थ्य एवं परिवार की महिलाओ, आसपड़ोस की महिलाओ तथा उनके कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी महिलाओ की जाँच व उपचार अभियान के दौरान कराएंगी। डॉ अक्षय ऊपराडे ने महिलाओ के अच्छे स्वास्थ्य को लेकर भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओ, युवा मंडलो, सामाजिक कार्यकर्ताओ, धर्म संस्थाओ आदी से सहयोग किये जाने की अपील की है जिससे महिलाओ के अच्छे स्वास्थ्य से हमारे परिवार, समाज एवं राष्ट्र को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने का आधार मजबूत किया जा सके तथा अधिक से अधिक क्षेत्रीय जनता इस अभियान का लाभ प्राप्त कर सके।
