पीथमपुर हत्या मामला: शराब के नशे में की गई हत्या, आरोपी गिरफ्तार, पहले भी काट चुका है 20 साल की सजा
पीथमपुर में गिरीश ठाकुर की हत्या के मामले में पुलिस ने आदतन अपराधी उमराव सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी पूर्व में भी हत्या के मामले में 20 साल की सजा काट चुका है। पढ़िए पूरी खबर।
विजय गिरवाल / JBT Aawaz:
मध्यप्रदेश की औद्योगिक नगरी पीथमपुर में हाल ही में घटित एक हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वीडवाल कंपनी, सेक्टर-2 में एक अज्ञात शव मिलने के बाद थाना सेक्टर-1 पुलिस ने जांच शुरू की थी। शव की पहचान गिरीश ठाकुर के रूप में हुई थी।
हत्या की वजह शराब के नशे में हुआ विवाद
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। इसके आधार पर हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्या के आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मृतक गिरीश ठाकुर अपने पुराने साथी उमराव सिंह के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई और उमराव ने गिरीश पर पत्थर व डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी आदतन अपराधी, पहले भी काट चुका है 20 साल की सजा
थाना प्रभारी चांदनी सिंगार ने जानकारी दी कि आरोपी उमराव पिता हीरसिंह (उम्र 45, निवासी अमझेरा) को महाराणा प्रताप बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया है। वह शहर से भागने की फिराक में था। आरोपी एक आदतन अपराधी है जो पहले भी हत्या के मामले में 20 साल की जेल की सजा काट चुका है और 2019 में रिहा हुआ था।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से गिरफ्तारी
पुलिस ने इस मामले में सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय रहवासियों की मदद से आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। फिलहाल आरोपी को धार न्यायालय में पेश किया जा रहा है।