HomeMost Popularहेड पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी,...

हेड पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, एक घंटे की जांच के बाद मेल फर्जी निकला

संवाददाता विनोद विश्वकर्मा जबलपुर एमपी

जबलपुर के हेड पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, एक घंटे की जांच के बाद मेल फर्जी निकला

जबलपुर के सिविल लाइन स्थित हेड पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय को बुधवार दोपहर बम विस्फोट की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। करीब एक घंटे तक चली जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद प्रारंभिक तौर पर धमकी भरे मेल को फर्जी माना गया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर लगभग 12:10 बजे हेड पोस्ट ऑफिस के अधीक्षक को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें कुछ ही देर में विस्फोट होने की चेतावनी दी गई थी। मेल में परिसर खाली कराने की बात भी लिखी गई थी। संदेश देखते ही अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और तत्काल स्थानीय पुलिस, कंट्रोल रूम तथा वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।

सूचना के बाद बम स्क्वॉड निरीक्षक पंकज सिंह अपनी टीम टेक्नीशियन स्टाफ सौरभ पांडे आशीष श्रीवास्तव अमित श्रीवास्तव विनय ओझा के साथ मौके पर पहुंचे और हेड पोस्ट ऑफिस, पार्सल सेक्शन, पासपोर्ट कार्यालय तथा आसपास के हिस्सों की बारीकी से जांच शुरू की गई। तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद कर्मचारियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

पार्सलों की जांच के निर्देश

जांच के दौरान बम निरोधक दस्ते की ओर से अधिकारियों को यह निर्देश भी दिए गए कि आने वाले सभी पार्सलों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जाए, ताकि किसी भी संभावित जोखिम को पहले ही रोका जा सके।

मेल में अन्य पासपोर्ट कार्यालयों का भी जिक्र पोस्ट ऑफिस अधिकारियों के मुताबिक, धमकी भरे मेल में मध्यप्रदेश के अन्य जोनल पासपोर्ट कार्यालयों का भी उल्लेख किया गया था। इसी वजह से मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय किया गया।

बम स्क्वॉड प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस ने लगभग एक घंटे तक हेड पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय के आसपास गहन तलाशी ली, लेकिन कहीं भी बम जैसी कोई वस्तु नहीं मिली। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular