सरकार ने iPhone और iPad उपयोगकर्ताओं के लिए नई सुरक्षा चेतावनी जारी की है। भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम यानी CERT-In ने इस चेतावनी को उच्च जोखिम श्रेणी में रखा है। Apple ने भी इस सरकारी चेतावनी की पुष्टि की है। iPhone 16 सीरीज को भी इस सुरक्षा खतरे में शामिल किया गया है। कंपनी जल्द ही इसका नया अपडेट जारी करेगी।
CERT-In ने बताई समस्या की वजह
CERT-In के अनुसार iOS के कुछ मुख्य फाइलों में एक गंभीर समस्या पाई गई है। हैकर्स इस सुरक्षा कमजोरियों का फायदा उठा कर iPhone और iPad उपयोगकर्ताओं को निशाना बना सकते हैं। Apple CoreOS की यह खामी ऐप्स को बिना अनुमति के नोटिफिकेशन भेजने की अनुमति देती है। इससे हैकर्स नकली सिस्टम नोटिफिकेशन भेज कर धोखाधड़ी कर सकते हैं।
इस समस्या के कारण iPhone और iPad के ऐप्स क्रैश हो सकते हैं या काम करना बंद कर सकते हैं। यह आपके डिवाइस के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक iOS 18.3 से पुराने संस्करण और iPadOS 17.7.3 या उससे पुराने संस्करण इस समस्या से प्रभावित हो सकते हैं। उपयोगकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कौन से डिवाइस हैं खतरे में
इस खतरे का असर कई iPhone और iPad मॉडल पर पड़ सकता है। इसमें iPhone 16, 15, 14, 13, 12 और 11 सीरीज शामिल हैं। साथ ही iPad Pro 13-इंच और 12.9-इंच के 3rd जनरेशन और बाद के मॉडल, iPad Pro 11-इंच के 1st जनरेशन से आगे के मॉडल, iPad Air 3rd जनरेशन से आगे और iPad 7th जनरेशन और iPad mini 5th जनरेशन भी शामिल हैं।
अगर आपके पास पुराना iOS या iPadOS है तो तुरंत अपने डिवाइस को नया अपडेट लगाएं। इसके लिए सेटिंग्स में जाएं फिर सॉफ्टवेयर अपडेट ऑप्शन चुनें और नया अपडेट डाउनलोड कर इंस्टॉल करें। ऐसा करने से यह सुरक्षा खतरा खत्म हो जाएगा और आपका डिवाइस सुरक्षित रहेगा।