Draupadi Murmu 67th Birthday: आज भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 67 साल की हो गई हैं। उनका जन्म 20 जून 1958 को हुआ था। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तक ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति मुर्मू इस बार अपना जन्मदिन उत्तराखंड में मना रही हैं और यहां वो लोगों को एक खास तोहफा भी देने जा रही हैं। राष्ट्रपति निकेतन में बने राजपुर रोड पर वो इस अवसर को मनाएंगी और इसी दौरान वो एक आधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला भी रखेंगी। यह पार्क 132 एकड़ ज़मीन पर बनाया जाएगा जो भविष्य में उत्तराखंड के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात बन सकता है।
पीएम मोदी ने दी दिल से शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि “राष्ट्रपति को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देश के करोड़ों लोगों को प्रेरणा देता रहेगा। सार्वजनिक सेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता हम सबके लिए आशा और ताकत की किरण है। उन्होंने हमेशा गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने का कार्य किया है। भगवान उन्हें लंबी और स्वस्थ जीवन यात्रा दे ताकि वे देश की सेवा करती रहें।” पीएम मोदी की इस पोस्ट को हज़ारों लोगों ने पसंद किया और द्रौपदी मुर्मू के लिए शुभकामनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा।
Warmest birthday wishes to Rashtrapati Ji. Her life and leadership continue to inspire crores of people across the country. Her unwavering commitment to public service, social justice and inclusive development are a beacon of hope and strength for everyone. She has always worked…
— Narendra Modi (@narendramodi) June 20, 2025
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी राष्ट्रपति को बधाई दी और लिखा कि “भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से हम भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। उनका विवेक और देश की प्रगति, कल्याण और न्याय के प्रति समर्पण राष्ट्र को सच्चाई और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ने में मदद करता है। हम उनके लंबे, स्वस्थ और संतोषजनक जीवन की कामना करते हैं।” कांग्रेस अध्यक्ष की इस बात से साफ झलकता है कि द्रौपदी मुर्मू का व्यक्तित्व और कार्यशैली हर राजनीतिक दल के लिए आदरणीय है।
On behalf of the Indian National Congress, we extend our warm birthday wishes to the Hon’ble President of India, Smt. Droupadi Murmu ji.
May her wisdom and unwavering dedication to the nation’s progress, welfare, and justice continue to lead the country on the path of truth and…
— Mallikarjun Kharge (@kharge) June 20, 2025
उत्तराखंड में तीन दिन का प्रवास, योग दिवस पर रहेंगी शामिल
राष्ट्रपति मुर्मू उत्तराखंड में 21 जून तक रहेंगी और इस दौरान कई विकास कार्यों की नींव रखी जाएगी। साथ ही कुछ योजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है और राष्ट्रपति देहरादून के पुलिस लाइन मैदान में होने वाले योग कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगी। वो अपने जन्मदिन की शुरुआत राजपुर रोड पर बने शिव मंदिर में पूजा करके करेंगी। पिछले साल भी उन्होंने अपना जन्मदिन भगवान जगन्नाथ के मंदिर में दर्शन से शुरू किया था। इस बार की शुरुआत भी भक्ति और सेवा के भाव से हो रही है जिससे यह साफ है कि राष्ट्रपति मुर्मू अपने मूल संस्कारों से अब भी जुड़ी हुई हैं।
राष्ट्रपति के इस तीन दिन के प्रवास को लेकर उत्तराखंड प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पिछली बार जब राष्ट्रपति उत्तराखंड आई थीं तब उनके दौरे के दौरान एक चोरी की घटना ने व्यवस्था की पोल खोल दी थी। इस बार पुलिस ने पहले से ही सख्त योजना बनाई है और देहरादून शहर में धारा 163 लागू कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय लोग भी राष्ट्रपति मुर्मू के स्वागत के लिए तैयार हैं। उनके दौरे को एक ऐतिहासिक अवसर के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि वो सिर्फ औपचारिक कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं ले रहीं बल्कि राज्य के लोगों के बीच जाकर उनके विकास और भलाई के लिए ज़मीन पर कार्य कर रही हैं।