Hania Aamir: 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में जो हुआ वह हर किसी के दिल को झकझोर गया। आतंकियों ने सरेआम पर्यटकों को निशाना बनाया। धर्म पूछकर 26 बेगुनाह लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। इस नृशंस वारदात के बाद भारत ने सख्त रुख अपनाया। भारत सरकार ने 1960 की सिंधु जल संधि को सस्पेंड कर दिया। इससे पाकिस्तान में खलबली मच गई। भारत के इस कदम ने एक बार फिर दोनों देशों के रिश्तों में तनाव ला दिया है।
भारत के पांच बिंदुओं वाला ऐक्शन प्लान और सोशल मीडिया रिएक्शन
सिंधु जल संधि को निलंबित करने के साथ ही भारत ने एक पांच सूत्रीय ऐक्शन प्लान भी जारी किया। इसका मकसद पाकिस्तान पर दबाव बनाना था ताकि वह आतंकियों को शह देना बंद करे। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। खासतौर पर पाकिस्तान की पानी पर निर्भरता को लेकर कई चुटकुले बनने लगे। इन्हीं मीम्स के बीच एक नाम बार-बार सामने आया और वह थी पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर।
Hania Aamir fans from India sending Water bottles to her 🤣🤣pic.twitter.com/7U2GCmPIEF
— Sunanda Roy 👑 (@SaffronSunanda) April 29, 2025
हानिया आमिर सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हैं और भारत में भी उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है। लेकिन इस बार उनका नाम मज़ाक का हिस्सा बन गया। इंस्टाग्राम पर उनके पोस्ट पर भारतीय फैंस ने ‘पानी मिला क्या’ जैसे कमेंट्स की बौछार कर दी। कोई पूछ रहा है कि वह ठीक से पानी पी पा रही हैं या नहीं। कुछ लोग उन्हें पानी भेजने की बात तक कह रहे हैं। यहां तक कि रैपर बादशाह का नाम लेकर भी उन्हें ट्रोल किया जा रहा है। इस पूरे वाक्ये ने एक गंभीर मामले को हास्य में बदल दिया जो कई लोगों को नागवार गुजरा।
पानी की बोतलों वाला वायरल वीडियो
इस माहौल में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें कुछ लड़के एक डिब्बा पैक कर रहे हैं जिसमें पानी की बोतलें हैं। डिब्बे पर लिखा है ‘हानिया आमिर के लिए। रावलपिंडी। पंजाब। पाकिस्तान। भारत से।’ हालांकि यह साफ बताया गया कि यह वीडियो केवल मीम के लिए बनाया गया था लेकिन फिर भी इस पर लोगों की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही। कुछ ने इसे मज़ेदार बताया तो कईयों ने इसे संवेदनहीनता कहा। गंभीर हालात में इस तरह का मजाक करना कई यूजर्स को गलत लगा।
हानिया आमिर की इंसानियत वाली पोस्ट
ऐसे वक्त में जब ज्यादातर पाकिस्तानी कलाकार चुप रहे हानिया आमिर ने अपनी इंसानियत दिखाई। उन्होंने पहलगाम हमले पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि ‘कहीं भी हुई त्रासदी हम सबके लिए त्रासदी है। मासूम जिंदगियों के नुकसान पर दिल टूट गया है। जब निर्दोष मारे जाते हैं तो दर्द केवल उनका नहीं होता वह हम सबका होता है। दर्द की कोई सीमा नहीं होती न ही धर्म और देश की दीवारें। हमें हमेशा इंसानियत को चुनना चाहिए।’ इस बयान के बाद कई भारतीय फैंस ने उनका समर्थन भी किया।
पिछले कुछ समय से चर्चा थी कि हानिया आमिर जल्द ही बॉलीवुड में नजर आएंगी। खबरें थीं कि वह दिलजीत दोसांझ के साथ फिल्म ‘सरदार जी 3’ में दिख सकती हैं। लेकिन पहलगाम हमले के बाद उनकी इस डेब्यू पर संकट आ गया है। कहा जा रहा है कि फिल्म से उनका नाम हटा दिया गया है। हालांकि फिल्म के मेकर्स की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन इस खबर ने उनके बॉलीवुड करियर की संभावनाओं पर असर डाला है।