PM Modi Sikkim Visit Cancelled: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सिक्किम के लोगों को राज्य के 50 साल पूरे होने पर संबोधित किया। हालांकि पीएम मोदी को खुद सिक्किम जाना था लेकिन खराब मौसम के चलते उनका दौरा रद्द हो गया। इसके बावजूद पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सिक्किम के लोगों को बधाई दी और कहा कि आज का दिन पिछले 50 सालों की उपलब्धियों को मनाने का दिन है। उन्होंने मुख्यमंत्री और पूरी टीम की सराहना की जिन्होंने इस आयोजन को यादगार बनाने में पूरी ऊर्जा लगाई। पीएम मोदी ने कहा कि सिक्किम की स्वर्ण जयंती पर मैं आप सभी को दिल से बधाई देता हूं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कहा कि आज से 50 साल पहले सिक्किम ने अपने लिए एक लोकतांत्रिक भविष्य चुना था। सिक्किम के लोगों ने सिर्फ भारत के भूगोल से ही नहीं बल्कि उसकी आत्मा से भी खुद को जोड़ने का फैसला किया। उनका विश्वास था कि जब हर आवाज सुनी जाएगी और हर अधिकार की रक्षा होगी तभी विकास के बराबर मौके मिल पाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि आज मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि सिक्किम के हर परिवार का यह भरोसा लगातार मजबूत हुआ है और देश ने इसे सिक्किम की तरक्की के रूप में देखा है। आज सिक्किम पूरे देश का गर्व बन चुका है।
प्रकृति के साथ प्रगति का मॉडल बना सिक्किम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 50 सालों में सिक्किम ने प्रकृति के साथ प्रगति का एक बेहतरीन मॉडल पेश किया है। यह राज्य जैव विविधता का एक विशाल बगीचा बन गया है और सौ प्रतिशत ऑर्गेनिक स्टेट के रूप में उभरा है। यह सांस्कृतिक और विरासत की समृद्धि का प्रतीक भी बना है। उन्होंने कहा कि आज का यह कार्यक्रम सिक्किम की भविष्य यात्रा की एक झलक देता है। आज यहां कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन हुआ है। इन सभी परियोजनाओं के लिए उन्होंने सिक्किम के लोगों को बधाई दी।
पीएम मोदी ने बताया दौरा रद्द होने का कारण
सिक्किम के लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन बहुत खास है क्योंकि यह सिक्किम की लोकतांत्रिक यात्रा की स्वर्ण जयंती का अवसर है। उन्होंने कहा कि मैं खुद आपके बीच आकर इस उत्सव इस उत्साह और इस सफल यात्रा के 50 सालों का साक्षी बनना चाहता था। मैं सुबह दिल्ली से बागडोगरा तक पहुंच गया था और मौसम मुझे आपके दरवाजे तक ले आया था लेकिन आगे जाने से रोक लिया। इस वजह से मुझे सीधे आपसे मिलने का मौका नहीं मिल सका।
पीएम मोदी ने कहा कि सिक्किम समेत पूरा पूर्वोत्तर भारत की नई विकास गाथा का चमकता हुआ अध्याय बन रहा है। जहां कभी दिल्ली से दूरी विकास के रास्ते में दीवार बनती थी वहां आज विकास के नए द्वार खुल रहे हैं। इसके सबसे बड़े कारणों में से एक यहां कनेक्टिविटी में आया बदलाव है। पीएम मोदी ने कहा कि आपने इस बदलाव को अपनी आंखों से देखा है। उन्होंने आगे कहा कि सिक्किम के पास प्रकृति अध्यात्म झीलें झरने और बौद्ध मठों की शांति है। कंचनजंगा नेशनल पार्क भी यूनेस्को की विश्व धरोहर में शामिल है। न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया को सिक्किम की इस विरासत पर गर्व है। आज जब नया स्काईवॉक बन रहा है जब स्वर्ण जयंती परियोजना का उद्घाटन हो रहा है जब अटल जी की मूर्ति का अनावरण हो रहा है तो ये सब सिक्किम की नई उड़ान के प्रतीक हैं।