World Liver Day: लिवर हमारे शरीर का एक बेहद ज़रूरी अंग है जो शरीर से ज़हर यानी टॉक्सिन्स को बाहर निकालता है और खून को साफ करता है। जब लिवर सही से काम करता है तो शरीर में हर अंग सही तरीके से काम करता है लेकिन अगर इसमें कोई परेशानी हो जाए तो पूरी सेहत बिगड़ सकती है। आजकल फैटी लिवर की समस्या बहुत आम हो गई है जो कि खराब जीवनशैली और गलत खानपान की वजह से होती है। इसलिए जरूरी है कि हम समय रहते लिवर से जुड़ी समस्याओं को पहचानें और उनका इलाज करवाएं।
पेट में सूजन या भारीपन को न करें नजरअंदाज
अगर आपका पेट अक्सर फूला हुआ महसूस होता है या उसमें भारीपन रहता है तो यह लिवर डैमेज का संकेत हो सकता है। कई बार लोग इसे गैस या अपच समझकर नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन जब यह परेशानी बार बार हो तो सतर्क हो जाना चाहिए। पेट में सूजन इस बात की निशानी हो सकती है कि लिवर अपने सामान्य काम नहीं कर पा रहा है। इसके अलावा भूख का कम लगना भी एक गंभीर संकेत हो सकता है क्योंकि जब लिवर की कार्यप्रणाली बिगड़ती है तो पाचन तंत्र भी प्रभावित होता है।
गहरे रंग का पेशाब है चेतावनी की घंटी
अगर आपका पेशाब सामान्य से ज्यादा गहरे रंग का हो गया है तो यह एक अलार्म हो सकता है। खासकर जब आप पर्याप्त पानी पीते हैं फिर भी पेशाब का रंग गहरा होता है तो यह लिवर की खराबी का साफ संकेत हो सकता है। लिवर खराब होने पर शरीर में बिलीरुबिन की मात्रा बढ़ जाती है जिससे पेशाब का रंग गहरा हो जाता है। यह बदलाव धीरे धीरे होता है इसलिए लोग इसे सामान्य मान लेते हैं लेकिन यह बिल्कुल भी नजरअंदाज करने वाली बात नहीं है।
थकान और सुस्ती को ना समझें सामान्य थकावट
लगातार थकान महसूस होना या हर समय शरीर में कमजोरी रहना भी लिवर डैमेज का एक संकेत हो सकता है। अगर आपकी नींद पूरी होने के बावजूद दिन भर आलस बना रहता है तो यह लिवर से जुड़ी कोई गंभीर समस्या हो सकती है। इसके साथ ही बार बार नाक से खून आना भी एक ऐसा लक्षण है जिसे अक्सर लोग मामूली समझ लेते हैं लेकिन यह लिवर फेलियर की ओर इशारा कर सकता है। अगर थकान के साथ शरीर पीला पड़ने लगे तो बिना देर किए डॉक्टर से मिलना चाहिए।
अचानक वजन घटना और उल्टियां आना है खतरे की घंटी
अगर बिना किसी वजह के अचानक वजन घटने लगे या बार बार मतली और उल्टियां आने लगें तो यह लिवर डैमेज का संकेत हो सकता है। जब लिवर खराब होता है तो यह शरीर से टॉक्सिन्स नहीं निकाल पाता जिससे ऐसी समस्याएं सामने आती हैं। त्वचा का पीला पड़ना यानी जॉन्डिस भी एक अहम लक्षण है जो लिवर की खराबी को दर्शाता है। इसके अलावा मूड स्विंग्स यानी मूड का बार बार बदलना भी लिवर से जुड़ी मानसिक असर का संकेत हो सकता है। इन सभी लक्षणों को एक साथ महसूस किया जाए तो लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।