HomeMost Popularयुवाओं को समाज सेवा से जुड़ने का विधायक गौरव सिंह पारधी ने...

युवाओं को समाज सेवा से जुड़ने का विधायक गौरव सिंह पारधी ने किया आह्वान*

*युवाओं को समाज सेवा से जुड़ने का विधायक गौरव सिंह पारधी ने किया आह्वान*

 

*कटंगी महाविद्यालय में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम का प्रवेश उत्सव संपन्न*

 

कटंगी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कटंगी के तत्वावधान में राजा भोज शासकीय महाविद्यालय, कटंगी में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के नवीन छात्र-छात्राओं का प्रवेश उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवीन विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। क्षेत्रीय विधायक गौरव सिंह पारधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके पश्चात विधायक गौरव सिंह पारधी का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।

 

*समाज को नई दिशा देने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : विधायक गौरव सिंह पारधी*

 

इसके बाद मुख्य अतिथि विधायक गौरव सिंह पारधी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी समाज के क्षेत्र में कार्य करने की भावना के साथ इस पाठ्यक्रम से जुड़े हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यदि युवा मन लगाकर इस पाठ्यक्रम का अध्ययन करेंगे और इसके माध्यम से प्राप्त ज्ञान को समाज के बीच व्यवहार में उतारेंगे, तो निश्चित रूप से क्षेत्र में सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अवधारणा के अनुरूप यह पाठ्यक्रम युवाओं को सामाजिक दायित्वों से जोड़ते हुए समाज को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

 

*पाठ्यक्रम की रूपरेखा की दी गई जानकारी*

 

कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विकासखंड समन्वयक सुरेंद्र भगत ने मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के उद्देश्य, स्वरूप एवं गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पाठ्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और उन्हें समाज के बीच नेतृत्व की भूमिका के लिए तैयार करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

 

*नवीन विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की पुस्तकों का वितरण एवं नशामुक्ति की दिलाई शपथ*

 

कार्यक्रम के दौरान विधायक गौरव सिंह पारधी ने नवीन छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की पुस्तकें वितरित कीं। उन्होंने विद्यार्थियों से अध्ययन के साथ सामाजिक सरोकारों को समझने और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम के समापन अवसर पर संदीप शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए पाठ्यक्रम से जुड़े अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। कार्यक्रम का सफल संचालन परामर्शदाता अरविंद दरवाडे ने किया। इस अवसर पर संदीप शर्मा, सुरेंद्र भगत, अरविंद दरवाडे, राज ब्योत्रा, अंजू डोंगरे, शालू राउत, टिंकल वाघमारे, शिव गोस्वामी, हरिया पटले, गोविंद रावतकर, रश्मि बोपचे, सुंदरलाल हरदेव सहित अन्य परामर्शदाता, जन अभियान परिषद से जुड़े कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छा त्राएं उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular