लगातार बारिश से मकान की छत धराशायी, भाजपा मंडल अध्यक्ष ने विधायक से मांगी त्वरित सहायता
तिरोड़ी। लगातार हो रही बारिश के चलते वार्ड क्रमांक 19 निवासी दुर्गा प्रसाद यादव के मकान की छत एवं संरचना का एक हिस्सा अचानक धराशायी हो गया। घटना 14 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे हुई। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान को भारी नुकसान पहुंचा है।
इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी मंडल तिरोड़ी के मंडल अध्यक्ष अविनाश देशमुख ने विधानसभा क्षेत्र कटंगी-खैरलांजी के विधायक गौरव सिंह पारधी को पत्र सौंपकर पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
पत्र के अनुसार, दुर्गा प्रसाद यादव के मकान की लगभग 24×12 फीट की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और बीच का कमरा भी पूरी तरह बैठ गया है। मकान की स्थिति अत्यंत जर्जर एवं चिंताजनक बताई गई है। पीड़ित दुर्गा प्रसाद यादव घर पर अकेले रहते हैं तथा हृदय रोग से पीड़ित हैं। ऐसी स्थिति में क्षतिग्रस्त मकान में रहना उनके लिए जोखिमपूर्ण है।
मंडल अध्यक्ष ने विधायक से संवेदनशीलता के साथ मामले को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग एवं प्रशासन को घटनास्थल का तत्काल निरीक्षण कराने तथा नियमानुसार आर्थिक एवं आवासीय सहायता अथवा आवश्यक राहत उपलब्ध कराने के निर्देश देने का आग्रह किया है।
पत्र में कहा गया है कि पीड़ित को शीघ्र सहायता एवं स्थायी समाधान उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। आवेदन के साथ क्षतिग्रस्त मकान की तस्वीरें, संबंधित दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक प्रमाण भी संलग्न किए गए
हैं।

