Homeताजा खबरेबरगी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हाईवे पर लूट-डकैती और डीजल चोरी की...

बरगी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हाईवे पर लूट-डकैती और डीजल चोरी की साजिश नाकाम, 3 आरोपी गिरफ्तार; स्कॉर्पियो और 210 लीटर डीजल जब्त

बरगी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हाईवे पर लूट-डकैती और डीजल चोरी की साजिश नाकाम, 3 आरोपी गिरफ्तार; स्कॉर्पियो और 210 लीटर डीजल जब्त

जबलपुर बरगी।

बरगी पुलिस ने नागपुर-जबलपुर हाईवे पर लूट, डकैती और डीजल चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम देने की फिराक में जुटे एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो वाहन, 210 लीटर चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल होने वाले हथियारनुमा औजार बरामद किए गए हैं।

खंडहर में बैठकर रच रहे थे खौफनाक साजिश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मनखेड़ी स्थित सिंचाई विभाग के पुराने खंडहर में कुछ संदिग्ध लोग इकट्ठा होकर बरगी हाईवे पर खड़े ट्रकों व हाइवा चालकों को अपना शिकार बनाने की योजना बना रहे हैं। वे लूट-डकैती के साथ-साथ वाहनों से डीजल चोरी करने की फिराक में थे।

सूचना मिलते ही बरगी पुलिस की टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद पांचों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले।

नागपुर-जबलपुर हाईवे के ट्रकों को बनाते थे निशाना

पकड़े गए आरोपियों की पहचान रजा अली उर्फ राजा (27), मोहम्मद साहिल (23) और साहिल मंसूरी (18), सभी निवासी रजा चौक, हनुमानताल (जबलपुर) के रूप में हुई है।

कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 5-6 नवंबर की दरमियानी रात नागपुर-जबलपुर हाईवे पर खड़े 5-6 ट्रकों से डीजल चुराया था। इस चोरी के डीजल को उन्होंने छह कुप्पियों में भरकर रखा था और चार अन्य खाली कुप्पियों में भी डीजल भरने की उनकी योजना थी।

पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान रिजवान उर्फ छोटा पठान (निवासी रजा चौक, हनुमानताल) और शेरू खान (निवासी गोहलपुर) के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी फरार आरोपी रिजवान की ही है। पुलिस इनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जब्त सामग्री

चोरी का डीजल: 210 लीटर (6 भरी हुई कुप्पियों में)

खाली कुप्पियां: 4 नग

वाहन: 1 स्कॉर्पियो कार

हथियार व औजार: लोहे की सब्बल, स्टील के दो पाइप, पेचकस, पाना एवं अन्य आपराधिक औजार।

दर्ज मामले और कानूनी कार्रवाई

आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287, 310(4) एवं 310(5) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इन पुलिस कर्मियों की रही सराहनीय भूमिका 

इस सफल और साहसिक कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी बरगी निरीक्षक नीलेश दोहरे, चौकी प्रभारी बरगी नगर उपनिरीक्षक अभिषेक पयासी, सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र उइके, प्रधान आरक्षक मुकेश डेहरिया तथा आरक्षक मंगल कर्मा एवं सतवन मरावी की अहम और सराहनीय भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular