हेटी–कुड़वा के पास सड़क किनारे उगी घास बन सकती है दुर्घटना का कारण, ग्रामीणों ने की पी डब्ल्यू डी से सफाई की मांग
सुशील उचबगले की रिपोर्ट
गोरेघाट (बालाघाट)
ग्राम पंचायत गोरेघाट से बालाघाट जाने वाली मुख्य सड़क पर हेटी और कुड़वा के पास सीमेंट सड़क के दोनों किनारों पर हरी-भरी घास उग आई है। सड़क किनारे घास अधिक बढ़ जाने से सड़क की वास्तविक सीमा दिखाई नहीं देती, जिससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया वाहन, स्कूली बच्चे और किसान आवागमन करते हैं। विशेषकर रात के समय और बारिश के मौसम में घास के कारण सड़क का किनारा स्पष्ट नहीं दिखता, जिससे वाहन फिसलने या अनियंत्रित होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और ग्राम पंचायत से मांग की है कि सड़क किनारे उगी घास की जल्द सफाई कराई जाए और मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी संभावित हादसे को रोका जा सके.

