PM Modi In Bhopal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भोपाल मध्यप्रदेश में देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में हिस्सा लिया और कई नई परियोजनाओं की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ देश का सबसे बड़ा अभियान है। उन्होंने बताया कि हमारी सेना ने सैकड़ों किलोमीटर अंदर जाकर आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त किया है। उन्होंने जनता को बताया कि यह अभियान हमारी परंपरा और संस्कृति पर हुए हमलों का करारा जवाब है और इससे आतंकियों को उनकी औकात दिखा दी गई है।
आतंकवाद को खत्म करने में महिलाओं की भूमिका को सराहा
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा करते हुए कहा कि यह अभियान हमारे देश की महिला शक्ति का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ की बेटियों ने कश्मीर से लेकर गुजरात तक इस ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई है। सीमा पार से हो रही फायरिंग का बहादुरी से जवाब दिया गया। PM मोदी ने कहा कि बीएसएफ की बहादुर बेटियों ने जिस तरह से साहस दिखाया है उसे अब पूरी दुनिया देख रही है। उन्होंने कहा कि देश की बेटियां हर मोर्चे पर दुश्मनों को करारा जवाब देने में सक्षम हैं और हमें उन पर गर्व है।
लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश
PM मोदी ने अपने भाषण में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर को याद करते हुए कहा कि 250-300 साल पहले जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था तब अहिल्याबाई ने ऐसे अद्भुत कार्य किए जिनकी चर्चा आने वाली कई पीढ़ियां करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई कभी भगवान की सेवा और जन सेवा को अलग नहीं मानती थीं। वे हमेशा अपने साथ शिवलिंग रखती थीं और कठिन से कठिन समय में भी अपने राज्य का नेतृत्व बखूबी किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई ने अपने राज्य को समृद्धि की नई दिशा दी और हमें उनके जीवन से सीख लेनी चाहिए।
महिला सशक्तिकरण और संस्कृति की रक्षा का दोहरा संदेश
PM मोदी ने अपने संबोधन में दोहराया कि भारत की महिलाएं अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और देश की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रही हैं। ऑपरेशन सिंदूर केवल सैन्य कार्रवाई नहीं है बल्कि यह हमारी परंपराओं और संस्कृति की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिस सिंदूर को हमारी संस्कृति में शक्ति का प्रतीक माना जाता है अब वह आतंकवाद के खिलाफ भारत की बहादुरी का प्रतीक बन चुका है। PM मोदी ने जनता से अपील की कि वे देश की बेटियों का हौसला बढ़ाएं और महिला सशक्तिकरण को अपनी ताकत बनाएं।