Raja Raghuvanshi Murder Case: शिलांग पुलिस अधीक्षक विवेक सियोम ने राजा रघुवंशी मर्डर केस पर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि सोनम रघुवंशी का प्रेमी राज कुशवाहा था। राज ने ही इस पूरी साजिश को अंजाम तक पहुंचाने की योजना बनाई थी। सोनम ने भी उसकी मदद की और घटना को अंजाम देने से पहले दोनों ने मिलकर हर कदम सोच समझकर तय किया था। यह हत्या पहले से तय साजिश का हिस्सा थी।
शादी से पहले ही बन गई थी हत्या की योजना
पुलिस के अनुसार सोनम और राज ने राजा रघुवंशी की हत्या की योजना शादी से 11 दिन पहले ही बना ली थी। उन्होंने इस साजिश को अंजाम देने के लिए सभी तैयारियां कर ली थीं। 2 जून को राजा की लाश शिलांग की एक गहरी खाई में मिली थी। उस समय सोनम इंदौर में मौजूद थी। पुलिस जांच में सामने आया कि सोनम पहले पटना और लखनऊ होते हुए गुवाहाटी गई थी और वहां से इंदौर लौटी थी। बाद में 7 जून को वह राज के साथ गाज़ीपुर निकल गई।
सोनम ने खुद दी थी मदद और साजिश में निभाई अहम भूमिका
सोनम ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने राजा से पारिवारिक दबाव में शादी की थी। वह उसे पसंद नहीं करती थी। उसने ही राज के साथ मिलकर राजा को खत्म करने का प्लान बनाया था। सोनम ने गुवाहाटी से तीनों आरोपियों के लिए टिकट बुक करवाई थी। साथ ही आरोपी विशाल को एक नया सिम भी उपलब्ध कराया था ताकि किसी को शक न हो। वह लगातार शिलांग से राज को लोकेशन भेजती रहती थी जिसे राज आरोपियों तक फॉरवर्ड करता था।
राज कुशवाहा ने निभाया रिमोट कंट्रोल का रोल
राज ने खुद शिलांग जाकर इस हत्या को अंजाम नहीं दिया लेकिन पूरी साजिश का संचालन उसने फोन के माध्यम से किया। उसने आरोपियों के लिए इंदौर से गुवाहाटी के टिकट बुक कराए। वह रोजाना फोन पर उन्हें निर्देश देता था कि क्या करना है और कहां पहुंचना है। राज ने सोनम के इंदौर आने पर उसके रहने की व्यवस्था भी की और उसे किराए के कमरे में ठहराया। सोनम के लिए सात हजार रुपये की किराना सामग्री भी खरीदी गई जिससे वह आराम से रह सके।
राजा की हत्या के बाद भी बनाते रहे प्लान
राज और सोनम ने हत्या के बाद भी खुद को बचाने के लिए योजनाएं बनाईं। सोनम ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अलग अलग जगहों पर जाकर यात्रा की ताकि उसका लोकेशन बदलता रहे और किसी को शक न हो। उन्होंने यह भी तय किया कि अगर पुलिस का दबाव बढ़ेगा तो सोनम अपने परिवार को बताएगी कि वह किडनैप हो गई थी और किसी तरह भाग कर वापस आई है। पुलिस का कहना है कि अभी भी कई कड़ियों की जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम की क्राइम सीन रिक्रिएशन भी की जाएगी।