तहसीलदार के आदेश पर राजस्व एवं पुलिस अमले की मौजूदगी में जेसीबी से हटाया गया अवैध निर्माण
कटंगी। कटंगी तहसील अंतर्गत ग्राम खमरिया में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ राजस्व विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटवा दिया। यह कार्रवाई तहसीलदार कटंगी के आदेश पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस अमले की मौजूदगी में संपन्न हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सुरेंद्र गजभिये पिता ईशनलाल, निवासी ग्राम खमरिया ने शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण की शिकायत तहसील कार्यालय में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया। जांच में ग्राम खमरिया स्थित खसरा क्रमांक 94/15, रकबा 0.607 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
तहसीलदार के आदेशानुसार मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता, 1959 की धारा 248(1) के तहत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से शासकीय भूमि से अवैध निर्माण हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार, पटवारी, राजस्व अमला एवं पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

