*आंधी-तूफान से प्रभावित कालीमाटी टेकाड़ी में विधायक पार धी ने लिया फसल नुकसान का जायजा*

*अधिकारियों को जल्द सर्वे कर किसानों को नियमानुसार राहत दिलाने के दिए निर्देश*
कटंगी। ग्राम कालीमाटी टेकाड़ी में बीते दिनों आए तेज आंधी-तूफान एवं ओलावृष्टि से किसानों की धान की फसल को हुए नुकसान का जायजा लेने आज विधायक ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर क्षतिग्रस्त फसलों का निरीक्षण किया तथा किसानों से चर्चा कर नुकसान की स्थिति की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि कटाई के करीब पहुंच चुकी धान की खड़ी फसल तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण खेतों में गिर गई है, जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है। इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारी, तहसीलदार एवं पटवारी भी मौजूद रहे।
विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से फसल नुकसान की स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रभावित किसानों एवं खेतों का जल्द से जल्द सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान वास्तविक क्षति का आकलन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार राहत एवं क्षतिपूर्ति का लाभ मिल सके। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में आंधी-तूफान से विद्युत व्यवस्था एवं अन्य नुकसान को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
*विधायक श्री पारधी ने संकट की घड़ी में साथ खड़े रहने का दिया आश्वासन*
विधायक ने किसानों को भरोसा दिलाया कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की स्थिति में किसानों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी फसल को हुए नुकसान को गंभीरता से लिया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय कर सर्वे एवं राहत संबंधी कार्रवाई को जल्द पूरा कराने के प्रयास किए जाएंगे। संकट की इस घड़ी में किसानों के साथ खड़े हैं और उनके हित में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

