नवरात्रि पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग, बजरंग दल ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
बरगी। आगामी शारदीय नवरात्रि महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल, जिला शहपुरा के प्रखंड बरगी के कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने सहित विभिन्न मांगें रखीं।
ज्ञापन में कहा गया कि नवरात्रि आस्था और श्रद्धा का प्रमुख पर्व है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और परिवार शामिल होते हैं। ऐसे में आयोजन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना आवश्यक है।
कार्यकर्ताओं ने दुर्गा पंडालों एवं गरबा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा शराब, नशाखोरी और जुआ जैसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की। साथ ही प्रमुख आयोजन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और CCTV कैमरे लगाने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में DJ एवं लाउडस्पीकर के निर्धारित समय-सीमा के अनुसार संचालन सुनिश्चित कराने तथा धार्मिक, भक्तिमय एवं सांस्कृतिक गीतों को प्राथमिकता देने की बात कही गई। वहीं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान धार्मिक एवं सामाजिक मर्यादा बनाए रखने और अश्लीलता एवं फूहड़ता पर प्रभावी रोक लगाने की मांग भी रखी गई।
गरबा एवं अन्य प्रमुख आयोजनों में प्रवेश व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने तथा आयोजकों द्वारा आवश्यक पहचान और सुरक्षा जांच की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

