HomeMost Popularएसडीएम कटंगी ने किया आयुष्मान आरोग्य मंदिर और आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक...

एसडीएम कटंगी ने किया आयुष्मान आरोग्य मंदिर और आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण

एसडीएम कटंगी ने किया आयुष्मान आरोग्य मंदिर और आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण

स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण व्यवस्था का लिया जायजा, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश

 

कटंगी, जिला बालाघाट | 19 सितंबर 2026

 

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कटंगी श्री विजय सिंह यादव ने शनिवार को विकासखंड कटंगी के ग्राम खजरी एवं परसवाड़ा घाट का सघन निरीक्षण कर स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास विभाग की मैदानी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री पुष्पेंद्र रानाडे भी उपस्थित रहे।

 

आयुष्मान आरोग्य मंदिर खजरी का औचक निरीक्षण

 

एसडीएम श्री विजय सिंह यादव ने सर्वप्रथम आयुष्मान आरोग्य मंदिर खजरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि शासन के नियमानुसार केंद्र में 17 प्रकार की जांचें निर्धारित हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 11 प्रकार की जांचें ही उपलब्ध हैं। केंद्र में 84 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध पाई गईं।

 

स्वास्थ्य रिकॉर्ड के अनुसार अप्रैल 2026 से निरीक्षण दिनांक तक 53 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन हुआ है। इनमें 21 महिलाओं का गर्भपात हो चुका है, जबकि 15 महिलाएं हाई रिस्क श्रेणी में, 2 महिलाएं शॉर्ट स्टेचर तथा 1 महिला हाई ब्लड प्रेशर की स्थिति में पाई गई।

 

18 सितंबर 2026 को आयोजित टीकाकरण दिवस के दौरान 2 गर्भवती महिलाओं एवं 4 बच्चों का टीकाकरण किया गया। एसडीएम श्री यादव ने स्वयं अपना बीपी एवं वजन जांचकर केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

उन्होंने केंद्र में शेष जांच सेवाएं शीघ्र प्रारंभ करने तथा हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की सतत मॉनिटरिंग करते हुए संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

 

आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण व्यवस्था की जांच

 

एसडीएम ने आंगनवाड़ी केंद्र खजरी एवं परसवाड़ा घाट-1 का भी निरीक्षण किया। खजरी आंगनवाड़ी केंद्र में उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार पाया गया। वहीं टीएचआर का अवलोकन कर उसकी गुणवत्ता में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।

 

केंद्र में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 120 बच्चे दर्ज पाए गए। इनमें 2 बच्चे SAM यानी अति गंभीर कुपोषित तथा 3 बच्चे MAM यानी मध्यम गंभीर कुपोषित पाए गए। एसडीएम ने सभी बच्चों एवं गर्भवती-धात्री महिलाओं को नियमित रूप से पोषण आहार उपलब्ध कराने तथा कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने के निर्देश दिए।

 

परसवाड़ा घाट-1 आंगनवाड़ी केंद्र में एसडीएम श्री यादव ने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं से स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी चर्चा की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को नियमित रूप से आयरन-फोलिक एसिड एवं कैल्शियम के साथ विटामिन-सी लेने तथा हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए हरी सब्जियों का सेवन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान टीएचआर स्टॉक का भी निरीक्षण किया गया।

 

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता

 

एसडीएम श्री विजय सिंह यादव ने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और मैदानी स्तर पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular