सागर
बेमौसम हुई बरसात और ओलावृष्टि से नरयावली विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों ग्रामों के किसानों की गेहूं,चना, मसूर सहित बर्बाद हुई अन्य फसलों को देखने मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने बुधवार को ग्राम मसबासी बहेरिया,बहेरिया साहनी,मोठी,रानीपुरा आदि ग्रामों के प्रभावित किसानों के बीच पहुंचकर उनकी बर्बाद हुई फसलों को देखा तथा अन्नदाता किसानों को आश्वस्त किया कि इस दुख भरी घड़ी में कांग्रेस पार्टी उनके साथ है। इस दौरान प्रभावित किसानों ने पूर्व मंत्री श्री चौधरी को बताया कि प्रशासनिक अमला ओलावृष्टि से उनकी प्रभावित हुई फसलों की वास्तविक नुकसानी नहीं लिख रहा है जबकि ओलावृष्टि से लगभग 70 से 80 प्रतिशत फसल बर्बाद हुई है साथ ही किसानों ने बताया कि पिछले साल बर्बाद हुई फसलों की फसल क्षति की राशि भी आज तक उन्हें नहीं मिल सकी है। किसानों के बीच पहुंचे पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने शासन – प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि इस संकट भरी घड़ी में अन्नदाता किसानों के साथ शासन – प्रशासन भेदभाव ना करें। क्योंकि नरयावली विधानसभा क्षेत्र से लगी हुई खुरई विधानसभा क्षेत्र के विधायक और प्रदेश सरकार के मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह के द्वारा ओलावृष्टि से 100 प्रतिशत फसल प्रभावित होने की बात कही गई है किंतु नरयावली विधानसभा क्षेत्र के अन्नदाता किसानों के साथ शासन-प्रशासन भेदभाव कर उनकी वास्तविक नुकसानी को नहीं लिख रहा है जो इस क्षेत्र के साथ भेदभाव है जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने मांग करते हुए कहा है कि नरयावली विधानसभा क्षेत्र के अन्नदाता किसानों की ओलावृष्टि से प्रभावित हुई फसलों की वास्तविक नुकसानी का आंकलन व सर्वे कराया जाकर राहत राशि का वितरण कराया जावें।इस दौरान मुख्य रूप से दुलारे यादव, महादेव सिंह,अशरफ खान,जयदीप तिवारी, अनिरुद्ध सिंह,किशोर सिंह, लोकेंद्र सिंह, डॉ. राजकुमार,मुकेश पटेल, कृपाल यादव, कमोदी पटेल, श्याम लाल,उत्तम आदि मौजूद थे।