*फुटबॉल संघ अध्यक्ष गौरव सिंह पारधी के मार्गदर्शन में जिला फुटबॉल संघ की नई कार्यकारिणी गठित*

*आशीष नाग बने जिला सचिव, जेम्स बारीक व पूनम खोबरागड़े को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी*
बालाघाट। जिला फुटबॉल संघ बालाघाट की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को सर्किट हाउस, बालाघाट में आयोजित हुई। कटंगी-खैरलांजी विधायक एवं जिला फुटबॉल संघ बालाघाट के अध्यक्ष गौरव सिंह पारधी के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न फुटबॉल क्लबों के पदाधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
बैठक में बॉयज क्लब उकवा, उकवा एफसी, बालाघाट माइंस, पुलिस बॉयज बालाघाट तथा द डायमंड रॉक फुटबॉल एकेडमी निलजी के अध्यक्ष, सचिव एवं खिलाड़ियों ने सहभागिता की। इस दौरान जिले में फुटबॉल गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने और खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा की गई।
उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया। आशीष नाग को जिला सचिव, जेम्स बारीक एवं पूनम खोबरागड़े को जिला उपाध्यक्ष तथा दिलीप कुमार वासनिक को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं रोहितलाल, मुकेश तिल्लासे, अजीत बागड, दुर्गेश मड़ावी, सुनील यादव, अविनाश देशमुख, प्रिय सिसोदिया एवं कृष्णा खागर को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। नई कार्यकारिणी के गठन का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
*फुटबॉल को नई दिशा देने पर जोर – गौरव पारधी*
बैठक में विधायक एवं जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष गौरव सिंह पारधी ने जिले में फुटबॉल खेल को और व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बालाघाट जिले में फुटबॉल की मजबूत परंपरा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि खिलाड़ियों को नियमित प्रतियोगिताओं, बेहतर प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर मिलें। उन्होंने जिला फुटबॉल संघ के माध्यम से क्लबों और खिलाड़ियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जिले की फुटबॉल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य करने की बात कही।

