*विधायक गौरव सिंह पारधी ने अगासी नाले पर 1 करोड़ 36 लाख की लागत से स्वीकृत बॉक्स कल्वर्ट पुल का किया भूमिपूजन
*
*ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी, गांव के एक हिस्से को जोड़ने में मिलेगी मदद*
कटंगी। ग्राम पंचायत अगासी में ग्रामीणों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक श्री गौरव सिंह पारधी ने अगासी नाले पर ₹135.90 लाख (एक करोड़ 35 लाख 90 हजार रुपये) की लागत से स्वीकृत बॉक्स कल्वर्ट पुल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में विधायक जी का ग्रामवासियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा बाजे-गाजे के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात विधि-विधान एवं पूजन-अर्चन के साथ पुल निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ।
गांव के बीच से नाला गुजरने के कारण ग्राम का एक हिस्सा बंटा हुआ था, जिससे ग्रामीणों को एक-दूसरे के घरों तक पहुंचने और दैनिक कार्यों के लिए आवागमन करने में काफी परेशानी होती है। विशेषकर बारिश के दिनों में नाले में पानी बढ़ने से यह समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीण लंबे समय से यहां पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। अब निर्माण कार्य की स्वीकृति और भूमिपूजन से ग्रामीणों को इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
*ग्रामीणों की आवश्यकता को प्राथमिकता देना विकास का मुख्य उद्देश्य : विधायक गौरव पारधी*
विधायक श्री गौरव सिंह पारधी ने कहा कि कटंगी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया तथा अन्य आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृत कर निर्माण कार्य प्रारम्भ है और अन्य को पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अगासी में बॉक्स कल्वर्ट पुल की स्वीकृति ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जनहित से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं और मांगों को भी पूरा कराने के लिए प्रयास जारी हैं। उनकी प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो और विकास कार्यों का लाभ आमजन तक पहुंचे। कटंगी विधानसभा क्षेत्र को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने तथा ग्रामीणों की अपेक्षाओं के अनुरूप आवश्यक कार्यों को स्वीकृत कराने के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
*विधायक जी के प्रयासों पर भरोसा, अन्य मांगें पूरी होने की उम्मीद : सरपंच कमला नेवारे*
ग्राम पंचायत अगासी की सरपंच श्रीमती कमला संतोष नेवारे ने पुल निर्माण की स्वीकृति के लिए विधायक श्री गौरव सिंह पारधी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुल ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। इसके निर्माण से गांव के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए विधायक के प्रयासों की सराहना की।
*डॉ. पवन राणा ने विधायक को दी बधाई*
मार्केटिंग सोसायटी कटंगी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. पवन राणा ने अगासी में बॉक्स कल्वर्ट पुल निर्माण कार्य को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विधायक श्री गौरव सिंह पारधी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस पुल से ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही परेशानी दूर होगी और गांव में आवागमन की व्यवस्था बेहतर बनेगी।
जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
भूमिपूजन कार्यक्रम में ग्राम पंचायत अगासी की सरपंच श्रीमती कमला संतोष नेवारे, नगर परिषद कटंगी के पूर्व अध्यक्ष श्री मेष देशमुख, जनपद पंचायत कटंगी के अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री अरविन्द देशमुख, जनपद पंचायत पूर्व अध्यक्ष श्री पूरनलाल चौधरी, मंडल अध्यक्ष श्री सौरभ ठाकरे, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्री महेश बोरकर, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. संतोष तुरकर, पूर्व मंडी अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री चन्द्रशेखर तुरकर, मार्केटिंग सोसायटी कटंगी पूर्व अध्यक्ष डॉ. पवन राणा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्री जुगराज पटले, श्री टेकचन्द मनघटे, जनपद पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि श्री रामकिशोर याहने, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री अशोक बिसेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

