संवाददाता निर्मल विश्वकर्मा बरगी
अवैध शराब की बिक्री पर रोक की मांग, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बरगी में निकाली रैली
थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन, नियम विरुद्ध शराब बिक्री और अवैध अहातों पर कार्रवाई की मांग
बरगी। क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री एवं नियम विरुद्ध संचालित किए जा रहे अहातों पर रोक लगाने की मांग को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बरगी में रैली निकाली। रैली के बाद कार्यकर्ता बरगी थाना पहुंचे, जहां थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने से पहले बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बरगी क्षेत्र में रैली निकालकर अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ आवाज उठाई। संगठनों ने ग्रामीण क्षेत्रों में कथित रूप से हो रही अवैध कच्ची एवं देशी शराब की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में शराब दुकानों के आसपास नियमों के विपरीत संचालित किए जा रहे अहातों की जांच कर नियम विरुद्ध पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की गई। संगठनों का कहना है कि कुछ स्थानों पर शराब दुकानों के बाहर लोगों को बैठाकर शराब पिलाने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है और स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा शराब दुकानों पर निर्धारित नियमों से अधिक बड़े अथवा अधिक संख्या में लगाए गए बोर्ड हटाने तथा दुकानों के शटर में बनाई गई खिड़कियों के माध्यम से रात के समय शराब बिक्री किए जाने संबंधी शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग भी ज्ञापन में की गई।
संगठनों ने प्रशासन से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले शराब विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो संगठन आगे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

