सेवा संकल्प अभियान पखवाड़े के तहत गोरेघाट स्कूल में विभिन्न प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
सुशील उचबगले की रिपोर्ट
गोरेघाट तिरोड़ी
सेवा संकल्प अभियान पखवाड़े के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोरेघाट में विद्यार्थियों के लिए रंगोली प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, रचनात्मकता तथा सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देना था।
प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाईं। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सेवा संकल्प अभियान, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए।

विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा सभी विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुशील उचबगले, प्रेमलाल उइके जनपद सदस्य प्रतिनिधि, संजय सोनी प्राचार्य सहित शाला के समस्त शिक्षक एवं शिक्षकाएं उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय परिवार के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

