तिरोड़ी के लाल मनीष सिन्हा बने लेफ्टिनेंट, गृहग्राम लौटने पर हुआ भव्य स्वागत


तिरोड़ी। तिरोड़ी के होनहार युवा मनीष सिन्हा ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद की ट्रेनिंग पूर्ण कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। चेन्नई ट्रेनिंग सेंटर से प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद गृहग्राम तिरोड़ी पहुंचने पर ग्रामीणजनों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मनीष सिन्हा तिरोड़ी मायल कर्मचारी हेमराज सिन्हा एवं श्रीमती हेमवती सिन्हा के सुपुत्र हैं। उनके तिरोड़ी आगमन पर दक्षिणमुखी पीपलेश्वर हनुमान मंदिर में अखंड रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया। पाठ के समापन के बाद आरती-पूजन एवं महाप्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान ग्रामीणजनों ने भगवान से मनीष सिन्हा के सफल, सुरक्षित एवं गौरवपूर्ण सैन्य कार्यकाल के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर ग्रामीणजनों ने कहा कि मनीष की सफलता तिरोड़ी के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। छोटे नगर से निकलकर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद तक पहुंचना उनकी मेहनत, लगन और परिवार के संस्कारों का परिणाम है।
सम्मान समारोह में मनीष के माता-पिता सहित आनंद नाग, राम चंद्रवंशी, आकाश नंदरधने, जितेंद्र गाते, बल्ली नागोत्रा, जनबंधु, श्याम नाग, बंटी सुहाने, श्यामराव तुर्कने सहित अनेक ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही। सभी ने मनीष के उज्ज्वल भविष्य और सफल सैन्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

