प्रदेश टॉपर प्रणाली वरकड़े का तिरोड़ी में सम्मान, UPSC की तैयारी में जुटी होनहार बेटी

तिरोड़ी। तिरोड़ी के खंडिटोला की प्रतिभावान बेटी प्रणाली वरकड़े ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर शिक्षा में प्रदेश स्तर पर टॉप कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर ग्रामीणजनों द्वारा शाल, श्रीफल एवं मोमेंटो भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
प्रणाली वरकड़े, श्री पुरुषोत्तम वरकड़े की सुपुत्री हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बाद वर्तमान में प्रणाली संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी में जुटी हुई हैं और देश की प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य लेकर मेहनत कर रही हैं।
सम्मान समारोह के दौरान ग्रामीणजनों ने प्रणाली की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता तिरोड़ी की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं, इसका उदाहरण प्रणाली ने प्रस्तुत किया है।
ग्रामीणजनों ने उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा UPSC की आगामी तैयारी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर आनंद नाग, राम चंद्रवंशी, आकाश नंदरधने, जितेंद्र गाते, बल्ली नागोत्रा, जनबंधु, श्याम नाग, बंटी सुहाने, श्यामराव तुर्कने सहित अनेक ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।
ग्रामीणों ने कहा कि तिरोड़ी के युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने और प्रतिभाओं का सम्मान करने की यह पहल निरंतर जारी रहनी चाहिए, ताकि क्षेत्र के अन्य युवा भी बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करें।

