तीन स्थानों पर कार्रवाई, तीन महिलाओं पर आबकारी एक्ट में मामला दर्ज
तिरोड़ी। थाना तिरोड़ी पुलिस ने अवैध हाथ भट्टी महुआ की कच्ची शराब रखने और बिक्री के लिए संग्रहित करने के मामले में तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस ने परसवाडाघाट और सावरगांव क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुष्पाबाई पति सुरेश मालदे (40), मीराबाई पति स्व. रामप्रसाद नगपुरे (45) और इन्द्रकलाबाई पति धनीराम नगपुरे (34) के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पुष्पाबाई के कब्जे से प्लास्टिक जरीकेन में 5 लीटर तथा दो प्लास्टिक बोतलों में 1-1 लीटर, कुल 7 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। बरामद शराब को जब्त कर आरोपी महिला के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं मीराबाई और इन्द्रकलाबाई के विरुद्ध भी अवैध रूप से हाथ भट्टी महुआ शराब कब्जे में रखने के आरोप में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि तीनों स्थानों पर की गई कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के संबंध में आवश्यक पंचनामा तैयार किया गया और शराब को जब्त किया गया। तीनों मामलों में क्रमशः अपराध क्रमांक 232/2026, 233/2026 एवं 234/2026, धारा 34(ए) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा मामलों की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई सउनि उमेश दियेवार, थाना तिरोड़ी द्वारा की गई। पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

