बरगी नगर में अवैध पैकारी का खेल उजागर: ग्रामीणों ने पकड़ी 3 पेटी शराब, पुलिस को सौंपी
बरगी नगर। बरगी नगर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में अवैध शराब बिक्री (पैकारी) के नेटवर्क को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है। गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बरगी नगर स्थित शराब दुकान से पैकारी के लिए भेजी जा रही 3 पेटी अवैध शराब को रंगे हाथों पकड़ लिया और बरगी नगर पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पकड़ी गई शराब की पेटियों में देशी प्लेन और मसाला शराब के पाव भरे हुए थे। ग्रामीणों द्वारा इस खेप को पुलिस को सौंपे जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध बिक्री से बिगड़ा माहौल, ज्ञापन के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं
घटना के बाद भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष संजू लाल मेहरा ने प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बरगी नगर और आसपास के इलाकों में लंबे समय से अवैध शराब की पैकारी धड़ल्ले से चल रही है। इस संबंध में जबलपुर पुलिस अधीक्षक (SP) को कई बार लिखित ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मोहल्ले-मोहल्ले में अवैध शराब बिकने से क्षेत्र का सामाजिक माहौल पूरी तरह खराब हो रहा है। इसके साथ ही शराबियों की जमावड़े की वजह से इलाके में चोरी-चकारी जैसी आपराधिक घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है, जिससे ग्रामीण बेहद चिंतित हैं।
उठ रहे गंभीर सवाल
इस पूरी घटना के बाद क्षेत्र में कई सवाल गूंज रहे हैं—आखिर अधिकृत शराब दुकान से 3 पेटी शराब किस उद्देश्य से और किसके इशारे पर बाहर भेजी जा रही थी? इन सभी सवालों का जवाब अब पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।

