HomeराजनीतिModi 24th global award: नरेंद्र मोदी को मिला घाना का टॉप सिविलियन...

Modi 24th global award: नरेंद्र मोदी को मिला घाना का टॉप सिविलियन अवॉर्ड, वैश्विक मंच पर 24वां बड़ा सम्मान

Modi 24th global award: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर घाना पहुंचे जहां राजधानी अक्रा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में घाना के राष्ट्रपति महामा ने उन्हें अपने देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया। इस गौरवशाली पल को पीएम मोदी ने भारत के नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान भारत की युवा पीढ़ी, उनके सपनों और भारत-घाना की ऐतिहासिक मित्रता का प्रतीक है।

पीएम मोदी का भव्य स्वागत, भारत माता की जय से गूंजीं सड़कें

घाना पहुंचने पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से लेकर सड़कों तक हज़ारों लोग मोदी को देखने और उनका अभिनंदन करने पहुंचे। भारत माता की जय और मोदी-मोदी के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस आत्मीय स्वागत के लिए घाना की जनता और सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह दोनों देशों की मित्रता की मजबूत नींव है।

अब तक 24 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजे गए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री बनने के बाद से अब तक नरेंद्र मोदी को 24 वैश्विक सम्मानों से नवाजा जा चुका है। इनमें अफगानिस्तान, रूस, फिलिस्तीन जैसे देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भी शामिल हैं। भाजपा ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि यह सिर्फ पीएम मोदी की वैश्विक नेतृत्व क्षमता का प्रमाण नहीं है, बल्कि यह भारत की वैश्विक पहचान और सम्मान का प्रतीक भी है।

साल 2025 में चार देशों के सर्वोच्च सम्मान मोदी के नाम

2025 प्रधानमंत्री मोदी के लिए सम्मान से भरा साल रहा है। इस साल घाना के साथ-साथ साइप्रस, श्रीलंका और मॉरिशस ने भी उन्हें अपने-अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है। साइप्रस ने ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोज III’, श्रीलंका ने ‘मित्र विभूषण मेडल’ और मॉरिशस ने ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन’ प्रदान किया। ये सभी सम्मान भारत की विदेश नीति और पीएम मोदी की भूमिका को दर्शाते हैं।

घाना-भारत के रिश्तों में नई ऊर्जा का संचार

पीएम मोदी की घाना यात्रा ने दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा घाना के साथ खड़ा रहेगा और विकास की दिशा में हरसंभव सहयोग करेगा। यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापार, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए नए द्वार खोलेगी। मोदी का यह दौरा न केवल कूटनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा बल्कि भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक भी बन गया।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular