*विधायक कार्यालय,कटंगी के ईको फ्रेंडली गणेश जी का विधि-विधान से हुआ विसर्जन*

*विधायक श्री पारधी ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और किसानों की अच्छी फसल की कामना*
कटंगी। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर कटंगी स्थित विधायक गौरव सिंह पारधी के कार्यालय में विराजित भगवान श्री गणेश जी का हवन-पूजन, महाआरती एवं महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक गौरव सिंह पारधी ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश जी का पूजन-अर्चन एवं हवन किया तथा महाआरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं एवं उपस्थित जनों को महाप्रसाद का वितरण किया गया।
विधायक कार्यालय में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी गणेश उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें कार्यालय से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
*इको-फ्रेंडली प्रतिमा से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
गणेश उत्सव के दौरान विधायक कार्यालय में इस वर्ष भी पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह मिट्टी से निर्मित इको-फ्रेंडली भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। प्राकृतिक एवं पर्यावरण के अनुकूल प्रतिमा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान श्री गणेश जी की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। अनंत चतुर्दशी के दिन हवन-पूजन एवं महाआरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया और इसके पश्चात भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा को श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ विसर्जन के लिए ले जाया गया।
*क्षेत्र की सुख-समृद्धि और किसानों की अच्छी फसल की कामना है – गौरव सिंह पारधी*
विधायक गौरव सिंह पारधी ने क्षेत्र में खुशहाली के साथ ही किसानों की अच्छी फसल और सभी परिवारों के जीवन में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। श्रद्धा और भक्तिभाव के वातावरण में गणपति बप्पा को विदाई दी गई।
विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भगवान श्री गणेश जी से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं वैभव की कामना की गई।

