PM Modi Trinidad Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों 5 देशों की विदेश यात्रा पर हैं। इस कड़ी में वे त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा पर पहुंचे जहां उनका ऐतिहासिक और भावनात्मक स्वागत किया गया। इस देश में साल 1999 के बाद पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री पहुंचा है। एयरपोर्ट पर त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने भारतीय साड़ी पहनकर उनका स्वागत किया। उनके साथ 38 मंत्री और 4 सांसद भी उपस्थित थे। कई नेता भारतीय पारंपरिक परिधान में नजर आए जिससे भारत और त्रिनिदाद के गहरे रिश्तों का एहसास हुआ।
राम मंदिर की प्रतिकृति और सरयू जल के साथ भावनात्मक जुड़ाव
पीएम मोदी जब त्रिनिदाद पहुंचे तो अपने साथ एक खास तोहफा लेकर आए। उन्होंने राम मंदिर की प्रतिकृति और अयोध्या की पवित्र सरयू नदी का जल त्रिनिदाद की धरती पर भारतीय समुदाय को भेंट किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक भेंट नहीं बल्कि भारत की आत्मा, संस्कृति और आस्था की सौगात है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पहले त्रिनिदाद के लोगों ने राम मंदिर निर्माण के लिए पवित्र जल और पत्थर भेजे थे। यह आपसी भावनात्मक संबंधों का गहरा प्रमाण है।
Landed in Port of Spain, Trinidad & Tobago. I thank Prime Minister Kamla Persad-Bissessar, distinguished members of the Cabinet and MPs for the gesture of welcoming me at the airport. This visit will further cement bilateral ties between our nations. Looking forward to addressing… pic.twitter.com/lyxxnKKfsR
— Narendra Modi (@narendramodi) July 3, 2025
भोजपुरी चौताल से गूंजा भारत का लोकसंगीत
प्रधानमंत्री के स्वागत में भारतीय संस्कृति को भी प्रमुखता से दिखाया गया। कार्यक्रम में भोजपुरी चौताल गाया गया जो कि होली और फगुआ में गाया जाने वाला एक परंपरागत लोकगीत है। यह नजारा देखकर यह महसूस हुआ कि भारत और त्रिनिदाद के बीच केवल राजनीतिक ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक रिश्ता भी गहराई से जुड़ा हुआ है। यहां की रामलीलाएं और रामचरितमानस की भक्ति की झलक ने हर भारतीय को गर्वित कर दिया।
प्रवासी भारतीयों को भारत आने का आमंत्रण
पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए उन्हें “हमारा गौरव” कहा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि “आपने गंगा यमुना को पीछे छोड़ा लेकिन रामायण को अपने दिल में बसाए रखा। आप अपनी मिट्टी से दूर हो सकते हैं लेकिन आत्मा वहीं की है।” उन्होंने सभी प्रवासी भाइयों-बहनों को भारत आने का आमंत्रण दिया और खासतौर पर अयोध्या आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “अपने पूर्वजों की भूमि पर आइए और उनकी मिट्टी पर चलकर अपनापन महसूस कीजिए।”
Sharing some glimpses from the welcome at Port of Spain. May the friendship between India and Trinidad & Tobago continue to scale new heights in the times to come! pic.twitter.com/RkAW4pQBKw
— Narendra Modi (@narendramodi) July 3, 2025
पांच देशों की यात्रा में त्रिनिदाद बना अहम पड़ाव
यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की 5 देशों की कूटनीतिक यात्रा का दूसरा चरण था। इससे पहले वे घाना पहुंचे थे जहां उन्होंने शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई दी। त्रिनिदाद के बाद वे अर्जेंटीना, ब्राज़ील और नामीबिया जाएंगे। ब्राज़ील में वे 17वें ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह यात्रा भारत की वैश्विक छवि को सशक्त बनाने और भारतीय मूल के लोगों से भावनात्मक जुड़ाव को गहरा करने का प्रयास है।