Homeउत्तर प्रदेशएसडीएम ने ली शासकीय व निजी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक*खाद के...

एसडीएम ने ली शासकीय व निजी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक*खाद के डबल लॉक का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण*

*एसडीएम ने ली शासकीय व निजी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक*

 

सेवा संकल्प अभियान के आयोजन एवं शैक्षणिक गतिविधियों में सुधार को लेकर दिए निर्देश

 

कटंगी। अनुभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) विजय सिंह यादव ने सांदीपनी विद्यालय के सभागार में संपूर्ण कटंगी अनुभाग के शासकीय विद्यालयों के संकुल प्राचार्यों एवं निजी विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक ली। बैठक में एसडीएम ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत स्कूलों में प्रस्तावित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के प्रभावी आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

एसडीएम विजय यादव ने प्राचार्यों से कहा कि इन प्रतियोगिताओं को केवल एक आयोजन के रूप में न लेते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक महत्वपूर्ण गतिविधि के रूप में आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामने लाने तथा उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

 

बैठक में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी चंद्र सिंह कुशराम, बीआरसी रविंद्र हरिनखेले एवं सांदीपनी स्कूल के प्राचार्य यतिंद्र अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं भारतीय जनता पार्टी के कटंगी मंडल अध्यक्ष मुकेश चौकसे, तिरोड़ी मंडल अध्यक्ष अविनाश देशमुख एवं अन्य पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने सेवा संकल्प अभियान से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए अभियान को बेहतर तरीके से आयोजित करने संबंधी सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे।

 

शिक्षण ऐसा हो, जो विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में सहायक बने

 

एसडीएम विजय यादव ने सभी संकुल प्राचार्यों को अध्यापन कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का अवसर मिले।

 

उन्होंने हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में प्रयोगशालाओं के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया। एसडीएम ने कहा कि वैज्ञानिक अवधारणाओं और प्रयोगात्मक शिक्षा के बिना राष्ट्र की वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं भौतिक विज्ञान के विषयों में विद्यार्थियों को प्रयोगशालाओं के माध्यम से अधिक प्रभावी एवं व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए।

 

  1. *खाद के डबल लॉक का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण*

 

स्कूल शिक्षा विभाग की बैठक के पश्चात एसडीएम विजय यादव ने खाद डबल लॉक वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर 1,490 बैग डीएपी, 11,397 बैग यूरिया, 1,335 बैग अमोनियम फास्फेट, 644 बैग अमोनियम सल्फेट एवं 2,701 बैग एनपीके उपलब्ध पाए गए।

 

निरीक्षण के दौरान कुछ किसान खाद प्राप्त कर रहे थे। एसडीएम ने किसानों से खाद वितरण व्यवस्था को लेकर चर्चा की। किसानों ने बताया कि खाद प्राप्त करने में अब उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। किसानों ने ई-टोकन खाद वितरण प्रणाली को सुविधाजनक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें लाइनों में लगने की आवश्यकता नहीं पड़ती और डबल लॉक के माध्यम से तत्काल खाद प्राप्त हो रही है।

 

एसडीएम ने किसानों को बताया कि अनुभाग की सभी 13 सोसायटियों में भी पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है, जहां साखधारी किसान लगातार क्रेडिट पर खाद प्राप्त कर सकते हैं। वर्तमान में धान की फसल के लिए यूरिया की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने कहा कि डबल लॉक में भी पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है।

 

एसडीएम विजय यादव ने डबल लॉक प्रभारी एवं कृषि विभाग के एसएडीओ को निर्देशित किया कि खाद वितरण व्यवस्था पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित की जाए तथा किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular