बरगी में बंदरों का आतंक, काले मुंह के बंदर के हमले से व्यक्ति घायल
बरगी। बरगी क्षेत्र में इन दिनों बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। काले मुंह और लाल मुंह के बंदरों के कारण ग्रामीणों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार दोपहर एक काले मुंह के बंदर ने दशरथ बर्मन पर अचानक हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि बंदर ने दशरथ बर्मन को जमीन पर पटक दिया और उनकी जांघ में बुरी तरह काट लिया। हमले के दौरान उनके सिर में भी चोट आई, जिससे उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने किसी तरह बंदर को भगाकर घायल दशरथ बर्मन को बचाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरगी पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरगी क्षेत्र में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है और आए दिन बंदर बच्चों, बुजुर्गों एवं राहगीरों को परेशान कर रहे हैं। घरों में घुसकर सामान उठाने और लोगों पर हमला करने की घटनाओं से भी ग्रामीण चिंतित हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बंदरों के बढ़ते आतंक पर तत्काल कार्रवाई करते हुए समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

