महाराष्ट्र के नागपुर जा रही थी बालाघाट की रेत, पुलिस की बड़ी कार्यवाही ने पकड़ा डंपर, तीन लोगों पर अपराध दर्ज
सुशील उचबगले की रिपोर्ट
गोरेघाट तिरोड़ी
जिले का सफेद सोना रेत का अवैध परिवहन थमने का नाम नहीं ले रहा है, ताजा मामला तिरोड़ी थाना क्षेत्र का है, जहां तिरोड़ी पुलिस ने बावनथड़ी नदी से रेत भरकर नागपुर जा रहे डंपर को पकड़ा है। जिसमें पुलिस ने तीन लोगो के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रेत का धंधा काफी दिनों से फल फूल रहा है । माफिया सफेद सोना बेच मालामाल हो रहे है।
तिरोड़ी पुलिस से मिली जानकारी अनुसार बम्हनी स्थित बावनधडी नदी घाट से अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की लगातार सूचना प्राप्त हो रही थी। जिसमें मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद-नीले रंग का डम्पर क्रमांक एमएच40-डीसी-1827 बावनधडी नदी घाट से अवैध रूप से रेत लोड कर महकेपार-सुकली मार्ग होते हुए नागपुर की ओर जा रहा है।
जिसके बाद तिरोड़ी और महकेपार पुलिस ने संयुक्त रूप से पावर हाउस चौक के पास डम्पर को रोककर चेक किया गया। जिसमें अवैध रूप से रेत भरी हुई पाई गई। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस पूछताछ में डंपर के चालक आरोपी अंकुश जाधव ने बताया कि अवैध रेत परिवहन में गुरूदेव पुष्पतोडे और प्रमोद डहरवाल के कहने पर वह ले जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने चालक के बयान के आधार पर अवैध रेत खनन और परिवहन मामले में गुरूदेव पुष्पतोडे और प्रमोद डहरवाल के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
बताया जाता है कि तिरोड़ी थाना क्षेत्र के बोनकट्टा निवासी गुरूदेव पुष्पतोडे के विरुद्ध पूर्व में मारपीट, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, आर्म्स एक्ट एवं अवैध खनन से संबंधित कई अपराध पंजीबद्ध हैं।
