*विद्यार्थी जीवन में शिक्षा के साथ कौशल और व्यक्तित्व विकास पर दें ध्यान : विधायक गौरव पारधी*
* राजाभोज महाविद्यालय में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम आयोजित*
कटंगी। राजा भोज शासकीय महाविद्यालय कटंगी में सत्र 2026-27 के स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए प्रवेश उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष तथा कटंगी-खैरलांजी विधायक श्री गौरव सिंह पारधी शामिल हुए। उन्होंने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार द्वारा विधायक श्री पारधी सहित उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।
*छात्र हित की योजनाओं का लाभ लेकर लक्ष्य की ओर बढ़ें विद्यार्थी – गौरव पारधी*
श्री पारधी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश उनके जीवन की नई शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ कौशल एवं व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने तथा शासन की छात्र हितैषी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन एवं परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री अनिल कुमार शेण्डे ने की। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को छात्र जीवन की गरिमा बनाए रखने तथा महाविद्यालयीन जीवन की नई चुनौतियों का सजगता एवं अनुशासन के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में हार्टफुलनेस संस्था के मार्गदर्शक डॉ. शालीन अमूले ने विद्यार्थियों के मानसिक एवं शारीरिक सशक्तिकरण के लिए योग, प्राणायाम एवं ध्यान विषय पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
*नई शिक्षा नीति और पाठ्यक्रम की दी जानकारी*
सुश्री कविता अहिगारे ने नई शिक्षा नीति एवं नवीन विषय पाठ्यक्रमों के संबंध में विद्यार्थियों को आवश्यक जानकारी दी। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. कुसुमलता उइके ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए विद्यार्थी जीवन में संघर्ष, अनुशासन एवं सफलता के महत्व पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के सदस्य श्री अनुज अग्रवाल, श्री टेलेन्द्र बाघमारे, श्री वैभव गुप्ता, श्री विशाल कोठारी, डॉ. टी.पी. बिसेन एवं श्री संदीप शर्मा सहित महाविद्यालय का शैक्षणिक एवं कार्यालयीन स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मंच संचालन श्री अधीर कुमार घोड़ेश्वर ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों का सहयोग रहा। तिरोड़ी से आशीष मंडलेकर की खबर


