HomeMost Popularतिरोडी पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरदौली...

तिरोडी पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरदौली नाले के पास से रेत से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

हरदौली नाले से अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार

 

तिरोड़ा/तिरोडी, 22 सितंबर 2026। तिरोडी पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरदौली नाले के पास से रेत से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को रेतघाट चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरदौली नाले से एक व्यक्ति अवैध रूप से ट्रैक्टर में रेत भरकर ले जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम हरदौली मेन रोड पहुंची, जहां नाले की ओर से एक नीले रंग के पावरटेक कंपनी के ट्रैक्टर को रेत से भरी ट्रॉली के साथ आते हुए रोका गया।

 

पूछताछ में चालक ने अपना नाम रुपलाल बागडे (35), निवासी बोनकट्टा, थाना तिरोडी बताया। पुलिस के मुताबिक, ट्रैक्टर में भरी रेत की रॉयल्टी संबंधी दस्तावेज मांगने पर चालक कोई रॉयल्टी प्रस्तुत नहीं कर सका। मौके पर भीड़ एकत्रित होने के कारण पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली को चालक सहित थाना परिसर लेकर आई।

 

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान रुपलाल ने बताया कि चन्द्रशेखर उर्फ शेखर पुष्पतोडे (26), निवासी बोनकट्टा के कहने पर वह हरदौली नाले से रेत भरकर ला रहा था। इसके बाद पुलिस ने चन्द्रशेखर से भी पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि उसने ट्रैक्टर से हरदौली नाले से रेत लाने के लिए रुपलाल को भेजने की बात स्वीकार की।

 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चाबी और मोबाइल फोन जब्त किए। चन्द्रशेखर से ट्रैक्टर की आरसी तथा उसका मोबाइल फोन भी जब्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। जब्ती की कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

 

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5), 49 बीएनएस 2023, धारा 53(1) मध्यप्रदेश गौण खनिज नियम 1996 तथा धारा 4/21 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी गई है। मामले में अवैध रेत के स्रोत और परिवहन से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular