सड़क सुरक्षा की पाठशाला में 800 विद्यार्थियों को पढ़ाया यातायात नियमों का पाठ

सांदीपनी विद्यालय में यातायात पुलिस ने किया जागरूकता कार्यक्रम, जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनने की दी समझाइश
बालाघाट। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत थाना यातायात पुलिस द्वारा 18 सितंबर को सांदीपनी विद्यालय, बालाघाट में विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 700 से 800 विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित आवागमन के साथ जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने तथा निर्धारित आयु पूर्ण होने के बाद ही वैध लाइसेंस प्राप्त कर वाहन चलाने की समझाइश दी।
पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने पर जोर दिया। विद्यार्थियों को यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने, सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का इस्तेमाल करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई।
इस दौरान विद्यार्थियों से कहा गया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में यातायात नियमों और सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति जागरूकता को बढ़ाना रहा।

