महकेपार अग्निकांड पीड़ित परिवार से मिले विधायक गौरव सिंह पारधी, हरसंभव मदद का दिया आश्वासन

मौके से ही पटवारी को पंचनामा और मुआवजा संबंधी कार्रवाई के दिए निर्देश, घायल बच्चियों के स्वास्थ्य की ली जानकारी
तिरोड़ी। ग्राम महकेपार में तीन दिन पूर्व हुए भीषण अग्निकांड में लाखों रुपये की गृहस्थी और दुकान का सामान जलकर राख हो गया था। हादसे में परिवार के चार सदस्य झुलस गए थे। इनमें दो बच्चियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए भंडारा रेफर किया गया था।
शनिवार को क्षेत्रीय विधायक श्री गौरव सिंह पारधी महकेपार पहुंचे और अग्निकांड से प्रभावित परिवार के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेते हुए परिवार के सदस्यों से हादसे की पूरी जानकारी ली और उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मौके से ही पटवारी को दिए पंचनामा और मुआवजा के निर्देश
विधायक श्री गौरव सिंह पारधी ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने मौके से ही राजस्व विभाग के पटवारी को निर्देश दिए कि अग्निकांड से हुए नुकसान का पंचनामा जल्द तैयार कर शासन के नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विधायक ने आग की चपेट में आकर घायल हुए परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली। विशेष रूप से उपचाररत दोनों बच्चियों की स्थिति के संबंध में जानकारी लेते हुए उनके बेहतर उपचार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
तीन दिन पहले मकान में लगी थी भीषण आग
उल्लेखनीय है कि तीन दिन पूर्व नारायण कोटेकार के मकान में सुबह करीब 7 बजे अचानक आग लग गई थी। मकान में प्लास्टिक एवं बर्तनों की दुकान संचालित होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया था।
आग की लपटों के बीच ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर घर में फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। इसके बाद फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक मकान और दुकान में रखा अनाज, राशन सामग्री, कपड़े, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित पूरी गृहस्थी का सामान जलकर राख हो चुका था।
पीड़ित परिवार के अनुसार अग्निकांड में 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। विधायक के मौके पर पहुंचने और तत्काल राजस्व अमले को कार्रवाई के निर्देश देने से पीड़ित परिवार को राहत एवं सहायता की उम्मीद जगी है।

