HomeMost Popularसामाजिक परिवर्तन से व्यवस्था परिवर्तन की ओर अंबेडकरी युवाओं की साइकिल यात्रा...

सामाजिक परिवर्तन से व्यवस्था परिवर्तन की ओर अंबेडकरी युवाओं की साइकिल यात्रा का बालाघाट से आगाज

सामाजिक परिवर्तन से व्यवस्था परिवर्तन की ओर अंबेडकरी युवाओं की साइकिल यात्रा का बालाघाट से आगाज

बालाघाट, 23 सितंबर 2026।

सामाजिक परिवर्तन से व्यवस्था परिवर्तन की ओर बढ़ने के संकल्प के साथ अंबेडकरी युवा संगठनों द्वारा 23 सितंबर 2026 को बालाघाट से साइकिल यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस यात्रा का समापन 9 अक्टूबर को मान्यवर कांशीराम जी के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर किया जाएगा। इस दिन व्यवस्था परिवर्तन को लेकर संकल्प दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

 

आयोजकों के अनुसार डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की सोच, संविधान और सामाजिक समानता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बालाघाट जिले में परिवर्तन के इस अभियान की शुरुआत की गई है। आयोजकों का कहना है कि संवैधानिक और सैद्धांतिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता के क्षेत्र में बालाघाट जिले को प्रदेश में अग्रणी बनाने की दिशा में यह प्रयास किया जा रहा है।

 

डॉ. आंबेडकर चौक से शुरू हुई साइकिल यात्रा

 

23 सितंबर को बालाघाट स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद शंखनाद और नारों के साथ अंबेडकरी युवा साथियों एवं समर्थकों ने साइकिल यात्रा प्रारंभ की।

 

यात्रा का नेतृत्व आदर्श आजाद बौद्ध द्वारा किया जा रहा है। यात्रा के माध्यम से बहुजन समाज के उत्पीड़ित, शोषित, सर्वहारा एवं वंचित वर्गों के नागरिकों में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा, संवैधानिक अधिकारों तथा संविधान में दिए गए मौलिक कर्तव्यों की जानकारी सर्वसमाज तक पहुंचाने का संदेश दिया जा रहा है।

 

साइकिल यात्रा से जुड़े साथियों ने बताया कि गांव-गांव और तहसील-तहसील पहुंचकर नागरिकों को संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

 

साइकिल यात्रा का प्रस्तावित कार्यक्रम

 

– 23 सितंबर — बालाघाट से शुभारंभ

– 24 सितंबर — डोंगरमाली

– 25 सितंबर — वारासिवनी

– 26 सितंबर — महकेपार

– 27 सितंबर — कटंगी

– 28 सितंबर — वारासिवनी

– 29 सितंबर — लालबर्रा

– 30 सितंबर — लामता

– 1 अक्टूबर — परसवाड़ा

– 2 अक्टूबर — बैहर

– 3 अक्टूबर — मलाजखंड

– 4 अक्टूबर — साले टेकरी

– 5 अक्टूबर — देवरबेली

– 6 अक्टूबर — लांजी

– 7 अक्टूबर — भानेगांव

– 8 अक्टूबर — रजेगांव

– 9 अक्टूबर — हटा, जहां यात्रा का समापन प्रस्तावित है।

 

9 अक्टूबर को सभा और ज्ञापन

 

यात्रा के समापन अवसर पर 9 अक्टूबर को मान्यवर कांशीराम जी के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर सभा आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर, बालाघाट के कार्यालय में ज्ञापन सौंपे जाने की जानकारी दी गई है।

 

आयोजकों के अनुसार ज्ञापन में आदिवासी बैगा समुदाय के परिवारों में हुई कथित आकस्मिक/असामयिक मौतों तथा क्षेत्र की अन्य व्यवस्थागत विसंगतियों का विषय उठाया जाएगा। सामाजिक संगठनों द्वारा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई और त्वरित निर्णय की मांग की जाएगी।

 

यात्रा से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह अभियान सामाजिक एकता, शिक्षा, संवैधानिक जागरूकता और नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देने के उद्देश्य से आगे बढ़ाया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular