हत्या के प्रकरण में आरोपी पति गिरफ्तार, तिरोड़ी पुलिस ने की कार्रवाई
पानी भरने को लेकर हुआ था विवाद, पत्नी की मौत के बाद कुएं में कूदने का किया था प्रयास
तिरोड़ी। तिरोड़ी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 में 28 सितंबर को सामने आए महिला की हत्या के मामले में तिरोड़ी पुलिस ने आरोपी पति कमल पिता शिवलाल कठौते (38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 11 तिरोड़ी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी और उसकी पत्नी आरती कठौते के बीच पानी भरने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी द्वारा पत्नी पर धारदार वस्तु से हमला किए जाने की बात सामने आई, जिससे आरती की मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी ने कुएं में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया था। आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकाला, जिसके बाद उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना स्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने पर तिरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा एफएसएल टीम की मौजूदगी में आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। मामले में परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आरोपी पति कमल कठौते के विरुद्ध थाना तिरोड़ी में अपराध क्रमांक 246/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
28 सितंबर की रात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी को 28 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना विधिवत परिजनों को दी गई तथा आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई:
एसडीओपी कटंगी विवेक कुमार शर्मा, थाना प्रभारी तिरोड़ी विजय राजपूत सहित पुलिस टीम की भूमिका रही। प्रेस नोट में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम भी दर्ज किए गए हैं।
हत्या के प्रकरण में आरोपी पति गिरफ्तार, तिरोड़ी पुलिस ने की कार्रवाई
RELATED ARTICLES


