HomeMost Popularगुजरी चौक स्थित शराब दुकान का आबकारी विभाग एवं तहसीलदार ने किया...

गुजरी चौक स्थित शराब दुकान का आबकारी विभाग एवं तहसीलदार ने किया मौके पर निरीक्षण

गुजरी चौक स्थित शराब दुकान का आबकारी विभाग एवं तहसीलदार ने किया मौके पर निरीक्षण

 

झगड़े, गाली-गलौज एवं असामाजिक गतिविधियों की शिकायतों पर प्रशासन ने लिया संज्ञान — आगामी गणेश उत्सव को देखते हुए नागरिकों ने जताई चिंता

 

गुजरी चौक, तिरोड़ी स्थित शराब दुकान के आसपास लगातार सामने आ रही झगड़े, गाली-गलौज एवं असामाजिक गतिविधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग के दल, तहसीलदार श्रीमती गीता रहांगडाले एवं मंडल अध्यक्ष अविनाश देशमुख ने मौके पर पहुंचकर शराब दुकान के आसपास के पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान मौके पर शराब की खाली बोतलें भी पाई गईं। साथ ही डिस्पोजल, पानी पाउच आदि सामग्री की खरीद कंपोजिट वाइन शॉप से किए जाने की बात भी सामने आई, जिसकी संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार जांच किए जाने की बात कही गई।

 

मौके पर शराब दुकान के बाहर अहाता संचालित किए जाने का विषय भी सामने आया। इस संबंध में तहसीलदार महोदया द्वारा मौके की वीडियो रिकॉर्डिंग कराते हुए सख्त निर्देश दिए गए तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए।

 

क्षेत्र की प्रबुद्ध महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भी तहसीलदार महोदया के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। महिलाओं ने बताया कि शराब दुकान के आसपास आए दिन होने वाले झगड़े एवं गाली-गलौज के कारण क्षेत्र का वातावरण भयपूर्ण बना रहता है। विशेष रूप से रात्रि के समय महिलाओं को इस मार्ग से आने-जाने में असहजता महसूस होती है।

 

साथ ही शराब दुकान के आबादी क्षेत्र में स्थित होने एवं स्कूल के निकट होने के विषय को भी स्थानीय नागरिकों ने गंभीरता से उठाया। नागरिकों ने संबंधित विभाग एवं पुलिस प्रशासन से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई एवं प्रभावी निगरानी की मांग की।

 

गणेश उत्सव को लेकर भी नागरिकों ने जताई चिंता

 

आगामी गणेश उत्सव को देखते हुए स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की चिंता भी सामने आई है। शराब दुकान से थोड़ी ही दूरी पर गणेश जी की स्थापना की जानी है। ऐसे में गणेश उत्सव जैसे धार्मिक एवं आस्था से जुड़े पवित्र अवसर पर गणेश पंडाल के समीप शराब की बिक्री एवं उससे जुड़ी गतिविधियां होने को लेकर नागरिकों में असहजता है।

 

गणेश उत्सव के दौरान क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं बच्चों का आवागमन रहेगा। ऐसे में धार्मिक आयोजन के नजदीक शराब दुकान संचालित होने से किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति, विवाद अथवा कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो, इसे लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गंभीरता से विचार करने की मांग की है।

 

नागरिकों का कहना है कि एक ओर गणेश जी की स्थापना एवं धार्मिक आयोजन हो और दूसरी ओर उसके कुछ ही दूरी पर शराब की बिक्री एवं उससे जुड़ी गतिविधियां संचालित हों, तो ऐसे धार्मिक एवं शांतिपूर्ण वातावरण को लेकर स्वाभाविक रूप से चिंता उत्पन्न होती है। इसलिए गणेश उत्सव की धार्मिक भावनाओं, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा क्षेत्र की शांति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को नियमानुसार उचित निर्णय लेना चाहिए।

 

मौके पर यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि शराब दुकान के बाहर नियम विरुद्ध तरीके से अहाता संचालित किया जाता पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शराब दुकान के बाहर पुलिस विभाग एवं लाइसेंसधारी द्वारा बड़े एवं स्पष्ट अक्षरों में आवश्यक चेतावनी एवं निर्देश चस्पा किए जाने की बात भी सामने आई।

 

मंडल अध्यक्ष अविनाश देशमुख ने कहा कि गुजरी चौक एवं आसपास के नागरिकों की सुरक्षा, महिलाओं की सुविधा तथा क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है। आगामी गणेश उत्सव को देखते हुए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जानी चाहिए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव क्षेत्र की आस्था और श्रद्धा का पर्व है। ऐसे अवसर पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं धार्मिक वातावरण मिलना चाहिए। प्रशासन से अपेक्षा है कि नागरिकों की भावनाओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब दुकान के संबंध में नियमानुसार उचित कार्रवाई एवं व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

 

मौके पर उपस्थित नागरिक

 

चिंता तिवारी, सुधा बाई साहू माताजी, मंजू बाई श्रीवास बहन, हरीश गजभिए, राहुल नेवारे, विशाल मेश्राम, सुशील बाई रावटे, अजय उइके, जितेंद्र गुड्डू सहित गुजरी चौक के समस्त ग्रामीण एवं प्रभावित नागरिक उपस्थित रहे।

 

जनहित में आवश्यक कार्रवाई, धार्मिक वातावरण की गरिमा बनाए रखने तथा क्षेत्र में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की मांग।

 

सेवा परमो धर्मः।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular