Best Food For Heart: आजकल के युवा हर चीज़ में बहुत ज्यादा आलसी हो गए हैं। ना काम करने का मन है ना एक्सरसाइज का और ना ही अच्छे खाने का ध्यान रखते हैं। बाहर मिलने वाला तला हुआ खाना और मीठी चीज़ें खाना अब आम हो गया है। ये आलस धीरे धीरे शरीर में मोटापा बढ़ाता है जिससे डायबिटीज और हार्ट की बीमारियों का खतरा भी बहुत बढ़ जाता है। घर का बना ताज़ा खाना छोड़कर युवा बाजार का खराब और प्रोसेस्ड खाना ज्यादा पसंद करने लगे हैं जो स्वाद में तो अच्छा लगता है लेकिन सेहत को अंदर से बर्बाद कर देता है।
डॉक्टर की सलाह – हार्ट को कैसे रखें फिट
India TV के वेलनेस वीकेंड प्रोग्राम में फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टिट्यूट दिल्ली के चेयरमैन डॉ. अशोक सेठ ने बताया कि अगर दिल की सेहत का ख्याल रखना है तो सबसे पहले खाने की आदतें सुधारनी होंगी। चाय और बिस्किट जैसी चीज़ें खाना छोड़ दें। पिज्जा और बर्गर जैसे फास्ट फूड से पूरी तरह दूरी बना लें। संतुलित आहार लेना बहुत जरूरी है। हर दो से तीन घंटे में थोड़ा थोड़ा खाना शरीर को स्वस्थ रखता है। रेड मीट यानी ज्यादा फैट वाला मांस बिल्कुल ना खाएं। चिकन कभी-कभी और मछली को ज़रूर शामिल करें क्योंकि मछली दिल के लिए सबसे फायदेमंद होती है।
कौन सा तेल खाएं और क्या नहीं खाएं
दिल की सेहत के लिए कौन सा तेल सही है इस पर भी अक्सर लोग भ्रमित रहते हैं। डॉ. सेठ के अनुसार सरसों का तेल सबसे अच्छा और सस्ता विकल्प है। लेकिन किसी भी तेल की मात्रा कम होनी चाहिए। घर के खाने में भी ज्यादा तेल का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। रिफाइंड और मैदे से बनी चीज़ों से दूर रहें। अपनी डाइट में हरी सब्जियां भरपूर शामिल करें और मीठे से जितना हो सके दूरी बना लें। अगर दिल को स्वस्थ रखना है तो तली भुनी चीज़ें बिल्कुल बंद करनी होंगी।
दिल को फिट रखने के लिए जरूरी है चलना और तनाव से दूर रहना
डॉक्टरों का कहना है कि रोज़ाना 30 से 40 मिनट की तेज़ चाल से वॉक दिल को फिट रखने के लिए काफी है। चलने की रफ्तार इतनी होनी चाहिए कि चलते हुए बात करना मुश्किल हो जाए। इसके अलावा रोज़ाना 10 हजार कदम चलने और हल्की एक्सरसाइज करने की आदत डालनी चाहिए। लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का इस्तेमाल करें। साथ ही बीपी, शुगर और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में रखना बहुत जरूरी है। दवाइयां डॉक्टर की सलाह से और समय पर लें। पानी ज्यादा पिएं और तनाव को दूर करने के लिए योग करें। जो चीज़ मन को अच्छा लगे वो करें ताकि तनाव कम हो और दिल खुश रहे।